नये मुख्यमंत्री से है अनुसूचित जाति परामर्शदात्तृ परिषद का गठन होने की उम्मीद

सरायकेला-खरसावां, झारखंड. लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन से मुखी समाज को काफी उम्मीद है. अनुसूचित जाति मोर्चा महासंघ के केन्द्रीय सदस्य सह मुखी समाज के केन्द्रीय प्रवक्ता रंजन कारूवा ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन से ट्राइबल एडवाइजरी परिषद (टीएसी) की तर्ज पर अनुसूचित जाति परामर्शदात्री परिषद के गठन करने का आग्रह किया. श्री कारूवा ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के संरक्षण सामाजिक-आर्थिक, भौगोलिक विकास के लिए नीति तैयार करने तथा उसके क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2008 में तत्कालीन सरकार ने एससी परामर्शदात्री परिषद के गठन की अधिसूचना जारी की थी. साथ ही 26 सदस्यीय परिषद के गठन की नियमावली भी बनायी गयी थी, जो कल्याण विभाग की संचिका में ही दब कर रह गयी. इसके बाद कभी भी परामर्शदात्री परिषद के गठन के संबंध में कोई विचार मंथन नहीं किया गया. श्री कारूवा ने कहा कि अनुसूचित जातियों के लिए काफी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से समाज को उम्मीद है कि इनके नये कार्यकाल में अनुसूचित जाति परामर्शदात्री परिषद के गठन को लेकर पहल की जायेगी, ताकि हमारे समाज की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में सुधार हो. श्री कारूवा ने बताया कि अपनी मांग के लेकर समाज के सदस्य शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री से मिलेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!