पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड. जैन्तगढ़-मझगांव मुख्य मार्ग पर डोंगाबुरु नाला के पास बाइक सवार के एक ट्रैक्टर से टकराने से बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. घटना गुरुवार शाम सात बजे की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार चमरू पिंगुवा (22) अपने ससुराल नेपांग से वापस अपने घर मझगांव की तरफ लौट रहा था. उसी क्रम में मझगांव की ओर से एक ट्रैक्टर तेजी से मुख्य सड़क पर आ रहा था, तभी बाइक से टक्कर हो गई. टक्कर होने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में चोट लगने से काफी मात्रा में खून बहने के कारण युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. सूचना पाकर जगन्नाथपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. युवक चमरू पिंगुवा इस क्षेत्र का जाना माना फुटबॉल खिलाड़ी था. उसकी दुर्भाग्य पूर्ण मौत से खेल प्रेमी काफी दुखित हैं.
