रायबासा पावर सबस्टेशन में स्थानीय को रोजगार नहीं देने का विरोध, मुखिया से शिकायत

सरायकेला-खरसावां, झारखंड. गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत यशपुर पंचायत के रायबासा स्थित पावर सबस्टेशन में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं दिये जाने से पंचायतवासियों में आक्रोश व्याप्त है. मामले को लेकर गुरुवार को पंचायतवासियों ने यशपुर मुखिया पार्वती सरदार से लिखित शिकायत कर संज्ञान लेने की गुहार लगायी है, अन्यथा पावर सबस्टेशन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने की चेतावनी दी गयी. शिकायत पत्र में कहा गया है कि पावर सबस्टेशन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन पंचायत के सभी गांवों को अबतक बिजली आपूर्ति नहीं की गयी है. वर्तमान में सिर्फ रांगामाटिया फीडर और रायबासा को ही इस पावर सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति की जा रही है. पत्र में कहा गया है कि सबस्टेशन निर्माण के दौरान विभाग और संवेदक की ओर से पंचायतवासियों को आश्वस्त किया गया था कि सबस्टेशन के विभिन्न कामों के लिए पंचायत के ही योग्य लोगों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त किया जायेगा, लेकिन अब बाहर से लोगों को लाकर काम कराया जा रहा है. शिकायत करने वालों में राजगांव, गंजिया, मुड़कूम, पाखुड़गोरा, उदयपुर, मुहुलडीह, लुपुंगडीह, नूतनडीह, बडडीह आदि गांव के ग्रामीण शामिल थे. मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखिया श्रीमती सरदार ने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार व विद्युत आपूर्ति से वंचित रखना गंभीर मामला है. विभागीय पदाधिकारियों से मिलकर इसकी शिकायत की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!