सरायकेला-खरसावां, झारखंड. टीजीएस कंपनी द्वारा टायो गेट जाहेरथान की जमीन को पार्किंग स्थल के रूप में उपयोग किये जाने का विरोध के बाद भी पार्किंग जारी रहने से खेरवाल सांवता जाहेरगाड़ समिति के सदस्य भड़क गये. इससे आक्रोशित समिति के सदस्य गुरूवार को समिति के सचिव भोमरा माझी, महासचिव उदय मार्डी व कोषाध्यक्ष गोम्हा हांसदा के नेतृत्व में समिति के सदस्य कंपनी गेट पहुंचे. साथ ही जाहेरगाड़ समिति की जमीन पर घेराबंदी कर कंपनी के वाहनों की पार्किंग पर रोक लगा दी गयी. सचिव श्री माझी ने कहा कि करीब चार करोड़ की लागत से जाहेरथान का सौंदर्यीकरण कार्य शुरू हुआ है. इस दौरान कंपनी द्वारा जाहेरथान गेट के आगे कामगारों के वाहनों को पार्किग किये जाने से काम प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि कंपनी के अंदर भी समिति का करीब 11 डिसमील जमीन है. उसे भी वापस लाने को लेकर आंदोलन शुरू किया जायेगा. घेराबंदी के दौरान कोंदा बेसरा, जोगेंद्र मार्डी, विश्वनाथ मार्डी, बबलू प्रधान आदि शामिल थे.
