करोड़ों की लागत से होगा बीरबांस रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण

सरायकेला-खरसावां, झारखंड. चक्रधरपुर रेलमंडल के गम्हरिया व सीनी रेलवे स्टेशन के मध्य बीरबांस स्टेशन का करोड़ों रुपये के लागत से विस्तारीकरण होगा. इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. इसको लेकर विभागीय टीम ने स्टेशन का दौरा किया. साथ ही सीमांकन की प्रक्रिया शुरू करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली. टीम में शामिल सदस्यों ने बताया कि फिलहाल स्टेशन में दो अतिरिक्त लाइन निर्माण की योजना प्रस्तावित है. वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट विभाग को भेजी जायेगी, जिसके बाद विस्तारीकरण का कार्य शुरू होगा.
रोजागार से जुड़ेंगे लोग, होगा क्षेत्र का विकास
सर्वे के दौरान मौके पर मौजूद बीरबांस स्टेशन सर्वदलीय संघर्ष समिति के सचिव रवींद्र मंडल ने कहा कि कई वर्षों तक आंदोलन करने के बाद बीरबांस स्टेशन का निर्माण हुआ है. इसका विस्तारीकरण होने से जहां रेलवे का राजस्व बढ़ेगा. वहीं क्षेत्र का विकास होगा. इसके अलावा यहां के लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जुड़ेंगे. अतिरिक्त लाइन बनने से अधिक ट्रेनों का ठहराव भी होगा. इसकी वजह से जिला मुख्यालय से स्टेशन का सीधा संपर्क होगा. यात्रियों को ट्रेन चढ़ने के लिए गम्हरिया, कांड्रा या सीनी नहीं जाना पड़ेगा. रेलवे के इस पहल का समिति द्वारा स्वागत किया गया.

पटरी के अभाव में जहां-तहां खड़ी रहती है ट्रेनें
रेलकर्मियों ने बताया कि लाइन की कमी की वजह से ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित होता है. कभी-कभी अधिक ट्रेनों के परिचालन को कुछ ट्रेनों को जहां-तहां रोक देनी पड़ती है. इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. वहीं जगह के अभाव में अक्सर एक ही पटरी पर दो या दो से अधिक ट्रेनों को पास-पास रोकना पड़ जाता है. स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन का निर्माण होने से वैसी समस्या से मुक्ति मिलेगी.
इन गांव के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
बीरबांस स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन का निर्माण होने से कोलाबिरा, बीरबांस, तिरीलडीह, चोड़ा, जुरीटांड़, गंगपुर, लकड़बाद, प्रधानडीह, भोलाडीह, बालीगुमा, सिंदरी, हाथीटांड़, मुड़िया, जामबेड़ा, जीवनपुर समेत गम्हरिया व सरायकेला प्रखंड के गांव शामिल है.
विषैले सांपों के आतंक से भयभीत है रेलकर्मी
झाड़ियों से घिरे बीरबांस रेलवे स्टेशन के कर्मी विषैले सांपों के आतंक से भयभीत है. कर्मियों ने बताया कि स्टेशन के टिकट काउंटर रूम समेत स्टेशन परिसर में अक्सर विषैले सांप प्रवेश कर जाते है. इससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन जाता है. काफी मशक्कत के बाद में सांप को दूर भगाया जाता है. कर्मियों ने बताया स्टेशन परिसर दोनों पार झाड़ियों से घिरा है इसकी वजह से रोजाना विषैला सांप आ जाते है. स्टेशन का विस्तारीकरण होने से कर्मियों को सांपों के आतंक से भी मुक्ति मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!